बेघर गरीब परिवारों और छोटे दुकानदारों के हक में आगे आए अकरम पठान, यूपी सिंचाई विभाग से लगाई गुहार
गुर्जर बस्ती की तर्ज पर गरीब परिवारों को मिले आवास, प्रभावित दुकानदारों के लिए भी हो रोजगार की व्यवस्था; अधिकारियों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील
पिरान कलियर (हरिद्वार)। नगर पंचायत पिरान कलियर के नामित सभासद अकरम पठान ने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बेघर गरीब परिवारों और प्रभावित छोटे दुकानदारों के हित में मानवीय पहल करने की अपील की है। उन्होंने मांग की कि जिस प्रकार गुर्जर बस्ती के लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है, उसी तर्ज पर झोपड़पट्टी में रहने वाले गरीब परिवारों को भी नियमानुसार आवास के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाए।
अकरम पठान ने कहा कि कुछ समय पूर्व सिंचाई विभाग की भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कई गरीब परिवारों को झोपड़ियों से हटना पड़ा था। इससे उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया, जबकि छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी भी प्रभावित हुई है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और दुकानदारों के लिए रोजगार की उचित व्यवस्था की जाए।
अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर भी करूंगा गरीबों की मदद की अपील: अकरम पठान
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की समस्याओं को उठाना उनकी सामाजिक जिम्मेदारी है। गरीब परिवारों को राहत दिलाने के लिए जहां भी आवश्यकता होगी, वह अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उनका प्रयास है कि किसी भी परिवार को रहने और रोजगार के अभाव में परेशान न होना पड़े।
सामाजिक गतिविधियों में भी निभाते हैं सक्रिय भूमिका
अकरम पठान भारतीय जनता पार्टी के लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। वह कांवड़ यात्रा के दौरान भंडारे का आयोजन करने के साथ ही पिरान कलियर के उर्स मेले में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों की सेवा में भी भागीदारी निभाते रहे हैं।
दीपावली के अवसर पर उन्होंने कहा कि त्योहार की असली खुशी जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने से है। उन्होंने यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारियों से अपील की कि गरीब परिवारों को आश्रय और प्रभावित दुकानदारों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सकारात्मक पहल की जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना जीवनयापन कर सकें।
